"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

होली पर हाईटेक सुरक्षा कवच: जांजगीर-चांपा पुलिस की ड्रोन से आसमान पर पैनी नजर

KPN24.com जांजगीर-चांपा 02 मार्च 2026

जांजगीर-चांपा जिले में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने इस बार हाईटेक तैयारी की है। जिले में पहली बार उन्नत तकनीक वाले 03 जापानी ड्रोन तैनात कर संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर आसमान से कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा रणनीति तैयार की है।
ड्रोन से होगी 24×7 हवाई निगरानी
पुलिस द्वारा तीन अलग-अलग स्थानों से ड्रोन उड़ाकर सतत मॉनिटरिंग की जाएगी। इन ड्रोन के माध्यम से—
प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पहचान की जाएगी।
संकीर्ण गलियों और ऐसे इलाकों में निगरानी होगी, जहां पुलिस बल की सीधी पहुंच मुश्किल होती है।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हवाई मॉनिटरिंग की जाएगी।
ड्रोन से प्राप्त लाइव फुटेज के आधार पर कंट्रोल रूम से तुरंत आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे, जिससे मौके पर तैनात पुलिस बल तत्काल कार्रवाई कर सके।
सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान शांति भंग करने या हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More