
KPN24.com जांजगीर-चांपा 02 मार्च 2026
जांजगीर-चांपा जिले में होली पर्व के मद्देनज़र शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बलौदा पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए क्षेत्र की विभिन्न दुकानों में दबिश दी और लगभग 300 नग डरावने एवं भ्रामक मुखौटे जब्त किए। पुलिस का मानना है कि ऐसे मुखौटे असामाजिक तत्वों द्वारा पहचान छिपाकर हुड़दंग, मारपीट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। जिलेभर में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
व्यापारियों को सख्त निर्देश
थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने साफ तौर पर व्यापारियों को निर्देश दिए हैं कि होली के दौरान डरावने, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले मुखौटे और सामग्री की बिक्री तत्काल बंद करें। आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
आम जनता से अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
त्योहार के दौरान पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि जिले में होली का पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।










