
KPN24.com रायपुर, 2 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होली का रंग उस वक्त और गहरा हो गया, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह “रंगोत्सव” और “महामूर्ख सम्मेलन 2026” में शामिल हुए। पूरे आयोजन में रंग, उमंग और आत्मीयता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह दिलों को जोड़ने, मनमुटाव मिटाने और रिश्तों को नई मजबूती देने का पावन अवसर है। यह पर्व हमें गिले-शिकवे भुलाकर प्रेम और भाईचारे के रंग में रंगने की प्रेरणा देता है।”
उन्होंने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब में पर्वों को मिल-जुलकर मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है और यह परंपरा सामाजिक समरसता की मजबूत मिसाल है। उन्होंने प्रेस क्लब परिवार को बधाई देते हुए कामना की कि यह रंगोत्सव सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करे।
मिर्ची की माला और त्रिशूल पिचकारी से आत्मीय स्वागत
समारोह में प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अनोखे अंदाज में स्वागत किया। उन्हें मिर्ची की माला पहनाई गई और प्रतीकात्मक त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने भी पूरे आत्मीय भाव से स्वागत स्वीकार किया और होली विशेषांक ‘सेंसलेस टाइम्स’ का विमोचन कर पत्रकारों की रचनात्मक पहल की सराहना की।
नगाड़े की थाप पर झूमे मुख्यमंत्री और पत्रकार
कार्यक्रम का सबसे रोमांचक क्षण तब आया, जब मुख्यमंत्री स्वयं मंच पर पहुंचे और नगाड़ा बजाकर उत्सव का जोश दोगुना कर दिया। नगाड़े की गूंज के साथ पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। फाग गीतों और ढोल-नगाड़ों की थाप पर मुख्यमंत्री ने पत्रकार साथियों के साथ रंगोत्सव का आनंद लिया। माहौल में संगीत, संस्कृति और आपसी भाईचारे का जीवंत संगम दिखाई दिया।
ये रहे प्रमुख अतिथि
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, सांसद संतोष पांडेय, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










