"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जांजगीर-चांपा में होली से पहले पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, पूरे जिले में फ्लैग मार्च

KPN24.com जांजगीर-चांपा, 03 मार्च 2026।

होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने भव्य फ्लैग मार्च निकाला।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस फ्लैग मार्च ने साफ संदेश दिया कि शांति भंग करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।
शहर की सड़कों पर गूंजा सुरक्षा का संदेश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में पुलिस बल ने पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर से फ्लैग मार्च की शुरुआत की।
मार्च BTI चौक, नेताजी चौक, नैला रेलवे स्टेशन चौक, शारदा चौक, जांजगीर बस्ती, कचहरी चौक, ग्राम कुलीपोटा मेन रोड, गेमन पुल, रेलवे स्टेशन चांपा और चांपा सदर बाजार सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
पूरे मार्ग में पुलिस की सख्त मौजूदगी ने आमजन को भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान हर स्थिति पर पैनी नजर रखी जाएगी।
हाईटेक निगरानी: 3 जापानी तकनीक वाले ड्रोन तैनात
संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जापानी तकनीक से लैस तीन ड्रोन लगातार निगरानी करेंगे। ये ड्रोन रियल-टाइम मॉनिटरिंग के जरिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत अलर्ट देंगे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि हुड़दंग, असामाजिक गतिविधि या कानून से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दिया सख्त संदेश
फ्लैग मार्च से पूर्व पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस बल को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
फ्लैग मार्च में डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के थाना एवं चौकी प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।
पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More