"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

राष्ट्रीय मिलिट्री पाइप बैंड प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का परचम, द ग्रेट इंडिया सैनिक स्कूल रायपुर को तीसरा स्थान

KPN24.com रायपुर, 15 मार्च 2026

राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित मिलिट्री पाइप बैंड प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर के द ग्रेट इंडिया सैनिक स्कूल के छात्रों ने तृतीय स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छात्रों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

रविवार शाम राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में द ग्रेट इंडिया सैनिक स्कूल के छात्र मुख्यमंत्री श्री साय से सौजन्य मुलाकात करने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि छात्रों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने राज्य को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवा पीढ़ी में देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह राज्य और देश का नाम रोशन करते रहें।
इस अवसर पर स्कूल के संचालक सिद्धार्थ सिंह, कमांडेंट (सेवानिवृत्त) कर्नल आर.के. वर्मा, विद्यालय के शिक्षकगण तथा छात्र उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि शिक्षा मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर मिलिट्री पाइप बैंड प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, जिसमें देशभर के सैनिक स्कूल भाग लेते हैं। प्रतियोगिता जिला स्तर से शुरू होकर राज्य, जोन और अंततः राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचती है।
छत्तीसगढ़ दक्षिण जोन के अंतर्गत आता है, जिसमें केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के सैनिक स्कूल शामिल हैं। ऐसे कड़े मुकाबले के बीच रायपुर के द ग्रेट इंडिया सैनिक स्कूल द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल करना राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More