"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के कर्मवीरों का परचम :- ट्रांसमिशन कंपनी के दो लाइनमैन हुए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित

KPN24.comरायपुर 17 मार्च 2026

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के जांबाज मैदानी कर्मियों ने एक बार फिर अपनी दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा का लोहा राष्ट्रीय स्तर पर मनवाया है। ट्रांसमिशन कंपनी के दो लाइनमैन—ओंकार साहू और सीताराम साहू—को दिल्ली में केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण, भारत सरकार (विद्युत मंत्रालय) द्वारा तकनीकी उत्कृष्टता और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया

वार्षिक कार्यों के कठोर मूल्यांकन के बाद छत्तीसगढ़ ट्रांसमिशन कंपनी से इन दोनों कर्मवीरों का चयन हुआ, जिन्होंने अपने समर्पण और कौशल से प्रदेश का नाम रोशन किया।
ओंकार साहू (लाइन सहायक श्रेणी-1, 220 केवी उपकेंद्र सरायपाली)
वर्ष 2025 में सरायपाली, बसना और सांकरा सब-स्टेशनों पर उन्होंने कई जटिल और महत्वपूर्ण तकनीकी कार्यों को समयबद्ध तरीके से अंजाम दिया। 160 एमवीए ट्रांसफार्मर का आंतरिक निरीक्षण, तेल निस्पंदन, सीटी प्रतिस्थापन, पैनल इंस्टॉलेशन, बैटरी सेट रिप्लेसमेंट और इंसुलेटर बदलने जैसे चुनौतीपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की। उनकी ईमानदारी और तकनीकी दक्षता ने उन्हें इस सम्मान का हकदार बनाया।
सीताराम साहू (लाइन परिचारक श्रेणी-1, एमआरटी संभाग भिलाई)
राजनांदगांव के 132 केवी उपकेंद्र में उन्होंने पुराने कंट्रोल रूम और उपकरणों को हटाकर आधुनिक सिस्टम की स्थापना का कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा किया। नए कंट्रोल एवं रिले पैनलों का टर्मिनेशन, परीक्षण और स्थापना जैसे जटिल कार्यों को उन्होंने कुशलतापूर्वक संपन्न किया।
प्रदेशभर में फैले 400 केवी के 5, 220 केवी के 27 और 132 केवी के 105 उपकेंद्रों में 24×7 सेवाएं देने वाले ये लाइनमैन विषम परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटते। तेज आंधी-तूफान हो या रात का अंधेरा—ये कर्मवीर बिजली व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए हर चुनौती का सामना करते हैं।
केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण द्वारा प्रशस्ति पत्र, मेडल और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किए गए इन दोनों लाइनमैन की उपलब्धि न केवल कंपनी, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
प्रबंधन ने दोनों कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा बनेगी और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More