
KPN24.com जांजगीर-चांपा 16 मार्च 2025
माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा जिला जेल जांजगीर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शक्ति सिंह राजपूत, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार कुशवाहा तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री योगिता खापेडे मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता, जिला जेल में संचालित लीगल एड क्लिनिक, वीसी कक्ष, जेल भवन की स्थिति, बैरकों की व्यवस्था, मुलाकात कक्ष सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बंदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था, कपड़ों की स्थिति, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा तथा शिकायत पेटी की व्यवस्था की भी जानकारी ली। साथ ही बंदियों के प्रकरणों में आने वाली समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक डी.डी. टोडर, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सत्यनारायण सिंह ठाकुर, विनोद कुमार कश्यप, अधिवक्ता विष्णु प्रसाद अग्रवाल, अशोक यादव, पैरा लीगल वालेंटियर लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल, जयराम गढ़ेवाल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










