
KPN24 :- बुरहानपुर जिले में प्रदेश का सबसे पहले पायलेट प्रोजेक्ट के रुप में नवाचार करते हुए वन विभाग ने ई-नैत्र सेटेलाईट एप लांच किया था। जिसकी मदद से रविवार को जिले के आमगांव में दो आरोपियों द्वारा सरकारी जमीन पर खुदाई और सफाई करके नवाड़ के लिए तैयार कर अतिक्रमण करने का मामला वन विभाग की जानकारी में आया। टीम ने तत्काल घटनास्थल पर जाकर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर एक ट्रेक्टर जब्त किया।
उल्लेखनीय है कि रविवार को वन विभाग की टीम को ई-नैत्र के माध्यम से अलर्ट मिला था कि आमगांव पंचायत की बीट में एक ट्रेक्टर की मदद से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने के लिए खुदाई और जंगल की सफाई की जा रही है। अलर्ट मिलते ही वन विभाग की टीम ने तत्काल रवाना होकर मौके पर दबिश दी। जैसे ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो काशीनाथ रायमल और ठेमसिंग रायला नामक दो आदिवासी नवाड़ के लिए ट्रेक्टर से जमीन तैयार करते मिले। आरोपियों को वन विभाग की टीम ने हिरासत में लेकर एक नए ट्रेक्टर ट्रॉली को जब्त किया। वन विभाग के लिए ई-नेत्र ने काम आसान कर दिया नहीं तो पहले विभाग को पता ही नहीं चल पाता था कि जंगल में कहा अवैध लकड़ी की कटाई हो रही है और कहा वन भूमि पर कब्जा। ई-नेत्र से अलर्ट मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच जाती हैं और अपराधियों को समय रहते पकड़ लेते हैं।










