
KPN24:- बालोद पुलिस ने शिक्षिका बरखा वसनिक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके पति शीशपाल वसनिक और उसके सहयोगी कयामुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है पहले पूरा मामला सड़क दुघर्टना का लग रहा था लेकिन गहनता से जांच करने पर मामला हत्या में बदल गया।
घटना 22 मार्च 2025 की है, जब दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के हितकसा गांव के पास बरखा वशनिक की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर सामने आई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को लगा कि किसी अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार बरखा को टक्कर मारकर फरार हो गया। हालांकि, मृतिका के मायके पक्ष ने बरखा के पति शीशपाल पर हत्या का आरोप लगाते हुए दोबारा जांच की मांग की।
पुलिस ने दो माह से अधिक समय तक गहन जांच की, जिसके बाद यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि बरखा की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। जांच में पता चला कि विद्युत विभाग में सहायक इंजीनियर शीशपाल वशनिक ने अपने सहयोगी कयामुद्दीन के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। शीशपाल ने कयामुद्दीन को 60 हजार रुपये देकर इस अपराध में शामिल किया।
यूट्यूब पर सीखा हत्या करने का तरीका
पुलिस के अनुसार, शीशपाल ने अपनी पत्नी बरखा की हत्या करने से पहले यूट्यूब पर हत्या करने के तरीका और पुलिस जांच से बचने की तरकीब सीखी थी। घटना वाले दिन उसने अपने मोबाइल फोन को भिलाई में अपने ऑफिस के एक कर्मचारी के पास छोड़ दिया और बोलेरो वाहन की नंबर प्लेट हटाकर बालोद पहुंचा। वहां उसने और कयामुद्दीन ने बोलेरो से बरखा की स्कूटी को टक्कर मारी। जब बरखा सड़क पर गिरी तो शीशपाल ने बोलेरो से लोहे का रॉड निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
हत्याकांड की वजह।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की वजह कोई बड़ा कारण नहीं, बल्कि पारिवारिक मतभेद और शीशपाल का नशे का आदी होना था। इन मतभेदों के चलते उसने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची। दो माह की गहन जांच के बाद बालोद पुलिस ने शीशपाल वशनिक और कयामुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में सभी साक्ष्यों को जुटाकर आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई शुरू कर दी है।










