
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर
KPN24:- गर्मी के सीजन में हर बार खास होने वाला आम इस बार आम ही रहा। मतलब इस बार आम के दाम आसमान नहीं छू सकें और इसी के कारण आम इस बार आम आदमी की पहुंच में ही रहा।
हर साल आम का दाम 100 रुपए प्रति किलो से उपर हुआ करता था तो इस बार 30 से 50 रुपए प्रति किलो के आसपास रहने से लोगों ने गर्मी में जमकर आम का स्वाद चखा। अब उसी क्रम में दसेरी ने जून की शुरुआत से दस्तक दी है। जिसकी मांग और पूर्ति दोनों ही शुरुआत से अच्छी देखी जा रही है।
शहर के फल विक्रेता शेख रईस की माने तो शहर की फल मंडी में इन दिनों लखनऊ के दसेरी आम की आवक भी अच्छी हो रही है और शहर सहित जिलेभर के फल व्यवसायियों के अलावा महाराष्ट्र के रांवेर तक के फल विक्रेता-व्यापारी दसेरी आम के दीवाने हो रहे है। व्यापारी ने बताया कि जिले में दसेरी आम की शुरुआती सीजन से ही बड़ी मांग हो रही है। दसेरी आम जिले में करीब 10 से 15 गाड़ी आम की खपत रोजाना हो रही है। दरअसल, दसेरी आम की खासियत यह होती है कि यह खाने में बहुत मीठा होता है। इसमें रस ज्यादा होता है और इसकी गुठली छोटी होती है। जिसके कारण यह बच्चों का भी यह पसंदीदा आम होता है। इसकी पैदावर लखनऊ और उसके आसपास के क्षेत्र में ज्यादा होती है और हमारे यहां भी लखनऊ से ही आता है।










