"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण कार्यों को प्राथमिकता के साथ करें पूर्ण – सीईओ

KPN24:- जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे की अध्यक्षता में जिले में जल संरक्षण, जल संवर्धन एवं वृक्षारोपण जैसे पर्यावरणीय हित के महत्वपूर्ण कार्यों की जिला पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, अनुभागीय अधिकारी, उप अभियंता, तकनीकी सहायक सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री रावटे ने अधिकारियों से जल संरक्षण, जल संवर्धन, सोखता गड्ढों का निर्माण, नाला विकास और वृक्षारोपण से संबंधित अद्यतन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है इस भावना के साथ इन कार्यों को प्राथमिकता देते हुए गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि हर ग्राम पंचायत में जल संरक्षण की प्रभावी संरचना तथा सामुदायिक वृक्षारोपण कार्य को स्थानीय जनभागीदारी से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मौके पर जाकर कार्यों की निगरानी, वृक्षारोपण के लिए स्थल चयन कर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें तथा सभी अधिकारी व कर्मचारी पौधरोपण की जिम्मेदारी लें। उन्होंने वर्षा के पूर्व विशेष रूप से गांव-गांव में जनभागीदारी के माध्यम से सोखता गड्ढों के निर्माण को मिशन मोड में संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण अभियान का उद्देश्य जिले में जल स्तर को स्थायित्व प्रदान करना, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना तथा भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल स्रोत सुनिश्चित करना है।
जिला पंचायत सीईओ ने जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति एवं निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। जिन हितग्राहियों ने अभी तक निर्माण प्रारंभ नहीं किया है, उन्हें प्रेरित कर निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। इस दौरान उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शिविर के माध्यम से लोगों को लाभान्वित करने एवं गांव में इसको लेकर विशेष रूप से अभियान चलाने कहा। इसके साथ ही उन्होंने अटल डिजिटल सुविधा केंद्र बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल की छत और कक्षों की मरम्मत के कार्यों को गंभीरता से करने के निर्देश दिए।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More