
KPN24:- छत्तीसगढ़ में अवैध खनन और रेत माफियाओं के बढ़ते आंतक को देखते हुए बार बार हाईकोर्ट बिलासपुर द्वारा सरकार को फटकार लगाने का असर अब होने लगा है।सरकार ने राजनांदगांव खनिज अधिकारी को निलंबित कर दिया है।
छत्तीसगढ़ सरकार के खनिज साधन विभाग मंत्रालय द्वारा एक आदेश जारी किया गया है. इसमें तत्काल प्रभाव से राजनांदगांव खनिज अधिकारी को निलंबित किया गया है. शहर से लगे मोहड़ वार्ड के शिवनाथ नदी से बीते दिनों अवैध रूप से रेत निकालने के मामले में रेत माफियाओं और ग्रामीणों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें हवाई फायरिंग भी की गई थी. मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले भी हुई गिरफ्तारी
अवैध रेत उत्खनन मामले में गोली कांड के बाद से पुलिस ने रेत माफिया और अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. इस मामले में पहले दो लोगों की गिरफ्तारी की गई थी. वहीं, जेसीबी के मालिक अभिनव तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है. अभिनव तिवारी वारदात के बाद से इलाहाबाद चला गया था, जिसे पुलिस ने रास्ते से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है. इस मामले में एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा ने प्रेसवर्ता लेते हुए जानकारी दी कि अभिनव तिवारी ने जानबूझकर रेत चोरी के लिए वाहन किराए पर दिया था.मोहड़ गांव में रेत तस्करी के बाद ग्रामीणों के साथ मारपीट कर और हवाई फायरिंग करते हुए आरोपी भाग गया था. उस मामले में पहले दो गिरफ्तारी की जा चुकी है, जिसमें स्थानीय पार्षद संजय रजक और जेसीबी का चालक भगवती निषाद है।











