
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर
KPN24:- शहर का बस स्टैंड अतिक्रमण से हांफने लगा है। यहां सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहनों की खरीदी-बिक्री बाजार से है। ऑटो डील वालों के अतिक्रमण का ये आलम है कि करीब 15 से 20 फीट चौड़े रास्ते बमुश्किल 5 फीट में सिमट गए है। जिन रास्तों से चार पहिया वाहन आसानी से गुजरने चाहिए वहां से बमुश्किल पैदल निकला जा सकता है। पूरा रास्ता सडक़ के दोनों ओर वाहनों से घिरा पड़ा है।
दरअसल, इन्हें समझाईश तो कई बार दी जा चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से मनमानी जारी है। इन गलियों को इतना तंग बना दिया गया है कि निकलना मुश्किल है। जबकि दुकानों से ज्यादा जगह सडक़ और मुख्य रास्तों पर घेर कर अव्यवस्था फैलाई गई है। ऐसे में परेशानी आम शहरी को उठाना पड़ती है।
वाहन बेचने से लेकर सुधारने तक का काम रोड पर
बता दें कि इनकी दुकानें तो मुश्किल से 10-15 फिट की है लेकिन सडक़ और रास्ते इससे कई गुना ज्यादा घेर रखें है। कारोबार तो समय के साथ फैल रहा है लेकिन दुकान बढ़ाने की बजाय सडक़ घेरना ज्यादा आसान है। ऐसे में खुद अतिक्रमण कर शहर की अव्यवस्था को कोसते रहते है।
नगर निगम करेगा कार्रवाई
इस क्षेत्र के मनमाने और बेतहाशा होते अतिक्रमण को लेकर अब नगर निगम भी सख्ती के मुड में है। पहले तो इन्हें फिर से नोटिस थमाए जाएंगे और समय दिया जाएगा। उसके बाद भी यदि व्यवस्था नहीं सुधरी तो अतिक्रमण भी खदेड़ा जाएगा और वाहनों की जब्ती कर जुर्माना भी वसूला जाएगा। कुल मिलाकर अब नगर निगम शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मुहिम में जुटी है। हर शहरी का ये दायित्व है कि वो इसमें अपना सहयोग दें।










