
KPN24:- क्रेडा (छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण) के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी पर तीन प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप वेंडरों ने लगाया है। आरोप है कि वे अपने निजी सहायक वैभव दुबे के माध्यम से पहले से पूर्ण हो चुके कार्यों का 3 फीसदी कमीशन मांग रहे हैं। कमीशन न देने पर शिकायतकर्ताओं को नोटिस दिलवाने और ब्लैकलिस्ट करने की धमकी भी दी जा रही है। इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की गई है, जो दिल्ली तक पहुंच चुकी है, और भूपेंद्र सवन्नी दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं।
वहीं, छत्तीसगढ़ सोलर बिजनेस वेलफेयर एसोसिएशन ने इस शिकायत पत्र को फर्जी और बेबुनियाद बताते हुए खंडन किया है। एसोसिएशन का कहना है कि शिकायत गुमनाम और बिना किसी प्रमाण के है, न कोई स्पष्ट नाम या संपर्क जानकारी है, और इसे किसी शरारती तत्व द्वारा सुनियोजित तरीके से किया गया है।
इस विवाद के कारण राजनीतिक लड़ाई भी चल रही है, जहां कांग्रेस ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की मांग की है, जबकि बीजेपी ने इसे कांग्रेस की फर्जी शिकायत करार दिया है.










