
KPN24:- जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में 01 से 07 अगस्त तक स्तनपान सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर समस्त परियोजनाओं के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में किया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनीता अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि स्तनपान सप्ताह का उद्देश्य शिशुओं को कुपोषण से बचाना, उनके मानसिक व शारीरिक विकास को बढ़ावा देना तथा माताओं को स्तनपान के प्रति जागरूक करना है। इस वर्ष की थीम “स्तनपान को प्राथमिकता दें, स्थायी सहायता प्रणालियां बनाएं” रखी गई है।
थीम के अनुरूप जिले में शिशुवती माताओं को स्तनपान के लाभ बताए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि स्तनपान बच्चों को पोषण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें दस्त, एनीमिया जैसी बीमारियों से भी बचाता है। इसके अलावा यह माताओं को स्तन कैंसर व मधुमेह के खतरे से भी सुरक्षा प्रदान करता है।
श्रीमती अग्रवाल ने बताया कि आज की व्यस्त जीवनशैली में कई कामकाजी माताएं स्वयं के पोषण पर ध्यान नहीं दे पातीं, जिससे दूध की पर्याप्त मात्रा नहीं बन पाती, जो कि मां और बच्चे दोनों के लिए चिंता का विषय बनता है। इस दिशा में भी जागरूकता फैलाई जा रही है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की सभी परियोजनाओं में विविध गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें जागरूकता रैलियां, संवाद सत्र और परामर्श शिविर शामिल रहे। लोगों को जानकारी दी गई कि जन्म के बाद छह माह तक केवल स्तनपान और इसके बाद दो वर्ष तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखना अनिवार्य है।
स्तनपान सप्ताह के इस आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग एवं स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही।










