
KPN24:- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक पत्रकार से ऑनलाइन ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। रिपोर्टर मनोज यादव को एक फर्जी कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को आईपीएस अधिकारी उदय किरण का करीबी रिश्तेदार और रायपुर में तैनात सीआरपीएफ कमांडो बताया। उसने बहाने से रिपोर्टर से संपर्क कर ठगी का प्रयास किया।
WhatsApp पर भेजना चाहता था फर्नीचर की फोटो और रेट
कॉलर ने बताया कि उसका स्थानांतरण हो गया है और वह अपना फर्नीचर व अन्य घरेलू सामान बेचना चाहता है। उसने रिपोर्टर से व्हाट्सएप पर संपर्क कर फोटो और रेट भेजने की बात कही। इसके साथ ही फोन पर विस्तार से बातचीत करने का आग्रह भी किया गया।
सवाल-जवाब से घबराया ठग, किया मैसेज और कॉल बंद
जब रिपोर्टर ने उसकी बातों पर संदेह जताते हुए आईपीएस उदय किरण की वर्तमान पोस्टिंग की जानकारी मांगी, तो कॉलर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका और केवल “आईपीएस हैं” कहकर बात को टाल गया। जैसे ही रिपोर्टर ने अधिक सवाल पूछने शुरू किए, उसने कॉल काट दी और आगे कोई जवाब नहीं दिया।
पहले फेसबुक से किया संपर्क, फिर आया फोन कॉल
मनोज यादव ने बताया कि दो दिन पहले उस व्यक्ति ने फेसबुक पर अंग्रेजी में मैसेज कर उनका नाम, पता और हालचाल पूछा था। इसके बाद मोबाइल नंबर 8302776817 से कॉल आया। कॉल के बाद जब रिपोर्टर ने उस नंबर पर दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत, सतर्क रहने की अपील
मामले की शिकायत स्थानीय थाना में दर्ज कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया मैसेज की जांच की जा रही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस तरह के फर्जी कॉल्स और ऑनलाइन ठगी प्रयासों से सावधान रहें।










