"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

इको-फ्रेंडली बीज राखी स्टॉल से कलेक्टर एवं सीईओ ने खरीदी राखी

KPN24:- सक्ती जिले में रक्षाबंधन के पावन पर्व को इस बार पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाने की एक अनूठी पहल सामने आई है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में लगाए गए बीज जड़ित पर्यावरण हितैषी राखी स्टॉल का अवलोकन किया और स्वयं भी इको-फ्रेंडली राखियाँ खरीदीं।

यह स्टॉल बिहान योजना के अंतर्गत राधा कृष्ण स्व-सहायता समूह, पलाड़ीकला की दीदियों द्वारा लगाया गया है, जहाँ हस्तनिर्मित और बीजोपचारित राखियों का प्रदर्शन एवं बिक्री की जा रही है। इन राखियों की खास बात यह है कि ये खीरा, ककड़ी, मक्का, मूँग, करेला, कद्दू, धान आदि के उच्च गुणवत्ता वाले बीजों से बनाई गई हैं। रक्षाबंधन के पश्चात इन राखियों को मिट्टी में रोपकर पौधे उगाए जा सकते हैं, जो पर्यावरण के प्रति एक सजग और सराहनीय कदम है।

स्टॉल पर केवल राखियाँ ही नहीं, बल्कि घरेलू उत्पाद जैसे बेर का मुरब्बा, आम, मिर्च और कटहल के अचार आदि की भी बिक्री की जा रही है, जिन्हें लोगों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है। इस पहल ने महिला सशक्तिकरण और सतत आजीविका की दिशा में भी एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

कलेक्टर एवं सीईओ ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि जिले की स्व-सहायता समूह की महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि समाज में पर्यावरण और विकास के प्रति सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने समूह की दीदियों को ऐसे नवाचारों के लिए निरंतर प्रोत्साहित करने की बात कही।

स्टॉल पर बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिक पहुंचे और राखियाँ खरीदते हुए समूह की इस अभिनव सोच की भूरी-भूरी प्रशंसा की। एनआरएलएम मिशन के अंतर्गत संचालित यह पहल साबित करती है कि ग्राम्य क्षेत्र की महिलाएं भी नवाचार और सतत विकास की दिशा में प्रभावशाली योगदान दे सकती हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More