
KPN24:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में युवाओं के समग्र विकास पर बल देते हुए निर्देश दिए कि कौशल प्रशिक्षण को सीधे तौर पर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम नागरिक बनाना है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025-26 के लिए जिलेवार प्रशिक्षण उपलब्धि, बजट आवंटन और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0, तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत संचालित कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी ली।
आत्मसमर्पित माओवादियों और PVTG युवाओं को भी मिल रहा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री श्री साय ने ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के अंतर्गत आत्मसमर्पित माओवादियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 549 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि 382 युवा पुनर्वास केंद्रों में प्रशिक्षणरत हैं।
तकनीक से बढ़ रही पारदर्शिता
बैठक में यह जानकारी दी गई कि 1 जुलाई 2025 से मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति चेहरा-आधारित स्कैनिंग प्रणाली से दर्ज की जा रही है, जिससे निगरानी व्यवस्था और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनी है।
निजी संस्थानों से सहयोग
विभाग ने राज्य में गुणवत्ता आधारित प्रशिक्षण के लिए निजी संस्थानों के साथ एमओयू किए हैं, जिनमें नांदी फाउंडेशन और महिंद्रा एंड महिंद्रा प्रमुख हैं। इन साझेदारियों के माध्यम से युवाओं को इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
‘कौशल तिहार 2025’ का होगा आयोजन
बैठक में ‘कौशल तिहार 2025’ की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। यह प्रतियोगिता युवाओं में कौशल के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जिला एवं राज्य स्तर पर दो चरणों में आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता में दो आयु वर्ग – 22 वर्ष से कम और 22 वर्ष से अधिक – के प्रतिभागी भाग लेंगे। इसमें कुल 10 प्रमुख ट्रेड शामिल किए गए हैं:
ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी
ब्रिकलेइंग
रिन्युएबल एनर्जी
हेल्थ एंड सोशल केयर
प्लंबिंग एंड हीटिंग
इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशंस
इलेक्ट्रॉनिक्स फील्ड टेक्नीशियन
कंप्यूटर
मोबाइल फोन टेक्नीशियन
ग्राफिक डिजाइन टेक्नोलॉजी / डेस्कटॉप पब्लिशिंग
रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग
जिला स्तर पर चयनित विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्य स्तर के विजेताओं को पुरस्कार, ट्रॉफी और रोजगार के अवसर दिए जाएंगे, साथ ही उन्हें इंडिया स्किल्स 2025 के लिए तैयार किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को वर्ल्ड स्किल्स 2026, शंघाई (चीन) में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिलेगा।
आत्मनिर्भर युवाओं से बनेगा आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री साय ने बैठक में कहा कि,
“कौशल विकास योजनाओं को युवाओं की आजीविका, आत्मनिर्भरता और भविष्य निर्माण से जोड़ा जाना चाहिए। इसके लिए विभाग को सतत प्रयास करने होंगे।”
बैठक में वन एवं कौशल विकास मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, कौशल विकास विभाग के सचिव एस. भारतीदासन, तथा सीएसडीए के सीईओ विजय दयाराम के सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।










