"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

55 वर्षीय महिला की नग्न अवस्था में मिली लाश, हत्या और दुष्कर्म की आशंका

KPN24:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला कर रख दिया है। वार्ड क्रमांक 14, नेवरा निवासी 55 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। महिला का शव नग्न अवस्था में चादर से ढंका हुआ उसके घर में पाया गया, जिससे यह मामला और भी गंभीर और जघन्य बन गया है।
मिली जानकारी अनुसार पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है और संभव दुष्कर्म की आशंका को भी खारिज नहीं किया गया है।
अकेली रहती थी महिला, सिर पर गंभीर चोट के निशान
मृतका क्षिता निर्मलकर का जीवन बेहद संघर्षपूर्ण रहा। उनके पति कुमार निर्मलकर ने उन्हें कई वर्ष पहले छोड़ दिया था, जिसके बाद वह अकेली रहकर जीवन यापन कर रही थीं। उनकी एक ब्याही बेटी भी है जो अलग रहती है। घटना की सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो महिला का शव अत्यंत संदिग्ध स्थिति में नग्न अवस्था में मिला। सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि उनकी हत्या किसी भारी एवं कठोर वस्तु से की गई होगी। पुलिस ने आशंका जताई है कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
मौके पर FSL और डॉग स्क्वाड की टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए तिल्दा थाना पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया। मौके पर पहुंचकर विशेषज्ञों ने घर के हर कोने की जांच की और साक्ष्य एकत्रित किए। बताया गया है कि पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय घर में कोई बाहरी व्यक्ति मौजूद था या नहीं।
एसएसपी ने लिया संज्ञान, कहा जल्द होगी गिरफ्तारी
रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले को अत्यंत गंभीर और प्राथमिकता का बताते हुए कहा कि “इस मामले में जो भी आरोपी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और कानून के मुताबिक कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।” पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्य की मदद से घटना के हर पहलु की जांच की जा रही है, ताकि दोषियों को सटीक सजा मिल सके।
स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा
घटना के बाद नेवरा सहित पूरे तिल्दा क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने महिला की मौत पर गहरा दुख और नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहली बार इस तरह की वीभत्स घटना हुई है, जिससे महिलाएं और बुजुर्ग डरे हुए हैं। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने दोषियों को जल्द पकड़ने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा देने की मांग की है।
Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More