"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

फर्जी म्यूल अकाउंट संचालित कर 31 लाख से अधिक की ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी म्यूल अकाउंट के जरिए 31,49,312 रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 317 (2), 317 (4), 317 (5), 112 (बी), 318, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी

1. वंश देवांगन (उम्र 19 वर्ष), निवासी बिर्रा, थाना बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा

2. बलराम श्रीवास (उम्र 30 वर्ष), निवासी किकिरदा, थाना बिर्रा, जिला सक्ति

3. राहुल साहू (उम्र 21 वर्ष), निवासी पेण्ड्री, थाना हसौद, जिला सक्ति

31 लाख से ज्यादा की रकम का लेनदेन

मामले की शुरुआत उस वक्त हुई जब साइबर अपराध समन्वय केंद्र को “समन्वस पोर्टल” के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई। जांच में सामने आया कि एक्सिस बैंक शिवरीनारायण शाखा के एक खाते से 31,49,312 रुपये का संदेहास्पद लेन-देन हुआ है। खाता धारकों ने अपने खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम को प्राप्त करने के लिए किया था। खातों में बार-बार साइबर फ्रॉड की रकम जमा होने की पुष्टि होने पर मामला पंजीबद्ध किया गया।

प्रलोभन में आकर खोले गए खाते

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई विवेचना में पता चला कि आरोपी कमिशन के लालच में आकर अपने नाम से फर्जी बैंक खाते खुलवाए थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने कमीशन के बदले साइबर ठगों को खाते उपलब्ध कराए, जिससे ठगी की रकम ट्रांसफर की जा सके।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

शिवरीनारायण थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सउनि नरेंद्र शुक्ला, और आरक्षक राजेश कौशिक व अर्जुन यादव की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

यह मामला न केवल साइबर अपराधों के बढ़ते नेटवर्क की ओर इशारा करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कैसे सामान्य नागरिक लालच में आकर अपराध में संलिप्त हो सकते हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के वित्तीय प्रलोभन से बचें और अपने बैंक खातों का दुरुपयोग न होने दें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More