
KPN24 :- भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद एवं चिप्स के सहयोग से जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के आधार ऑपरेटरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण आधार सॉफ़्टवेयर के नए वर्जन ‘यूसी यूनिवर्सल क्लाइंट’ के संबंध में किया गया, जिसका उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक एवं उससे अधिक आयु के हितग्राहियों के आधार नामांकन और अपडेट प्रक्रिया को और अधिक सरल व प्रभावी बनाना है।
जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र में ई-जिला प्रबंधक सुनील कुमार साहू ने बताया कि आधार नामांकन एवं अद्यतन प्रक्रिया में उपयोग होने वाले दस्तावेजों, तकनीकी पहलुओं और नए वर्जन की विशेषताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नए वर्जन ‘यूसी’ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह ऑनलाइन नामांकन की सुविधा देता है, और इसमें जीपीएस डिवाइस की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है, जिससे अब निरस्त आवेदनों की संख्या में कमी आएगी और दस्तावेजों का रियल टाइम वेरिफिकेशन भी संभव हो सकेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण, हैदराबाद के प्रोजेक्ट मैनेजर खुर्शीद आलम खान ने ऑपरेटरों को नए वर्जन के प्रयोग की विधि और सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि ऑपरेटर केवल दस्तावेजों की अच्छी तरह से जांच के बाद ही नामांकन करें।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र चौधरी, सक्ति जिले के ई-जिला प्रबंधक दुष्यंत सोनी, तथा बड़ी संख्या में दोनों जिलों के आधार ऑपरेटर्स उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण सत्र आधार पंजीकरण प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं सरल बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।










