
KPN24:- सक्ती जिले की ग्राम पंचायत ओड़ेकेरा के किसानों ने संस्था प्रबंधक गैस राम बंजारे को हटाने की मांग को लेकर सक्ती जिला कलेक्टर से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी है। किसानों का आरोप है कि संस्था प्रबंधक का व्यवहार लगातार अमानवीय और गैर-जिम्मेदाराना रहा है, जिससे वे अत्यंत परेशान हैं।
किसानों ने शिकायत में बताया कि गैस राम बंजारे द्वारा धान बीज, खाद और केसीसी जैसी जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध नहीं करवाई जातीं। साथ ही, संस्था से जुड़े कार्यों के लिए बार-बार चक्कर लगवाए जाते हैं, जिससे ग्रामीण किसान वर्ग को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का यह भी कहना है कि पूर्व में भी कई बार शिकायतें और आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे संस्था प्रबंधक का मनोबल बढ़ा हुआ है और किसानों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं भी जारी हैं।
किसानों ने मांग की है कि गैस राम बंजारे को तत्काल प्रभाव से हटाकर उनकी जगह किसी योग्य और संवेदनशील संस्था प्रबंधक की नियुक्ति की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों की यह मांग क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है।










