
KPN24 :- मंडल कमीशन दिवस के अवसर पर आज दिनांक 7 अगस्त 2025, गुरुवार को नगर पालिका परिषद शक्ति के सामुदायिक भवन में ओबीसी महासभा जिला इकाई शक्ति के तत्वावधान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। इस समारोह में ओबीसी समाज के नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, नगर पालिका एवं नगर पंचायत पार्षदों सहित सरपंचों का सम्मान किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष शक्ति, इंदल सिंह श्रीवास करेंगे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम एवं संभाग अध्यक्ष हरीश साहू उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करना है, बल्कि ओबीसी समाज को मंडल कमीशन के महत्व से अवगत कराना भी है। विदित हो कि भारत के प्रधानमंत्री वी. पी. सिंह द्वारा 7 अगस्त 1990 को मंडल कमीशन की रिपोर्ट को लागू किया गया था, जिससे ओबीसी वर्ग को संविधान में निर्धारित उनके अधिकार और आरक्षण सुनिश्चित किए गए। यही कारण है कि प्रत्येक वर्ष 7 अगस्त को पूरे देश में मंडल कमीशन दिवस के रूप में मनाया जाता है।
मंडल कमीशन की यह ऐतिहासिक रिपोर्ट संविधान के अनुच्छेद 340 के अंतर्गत बनाई गई थी, जिसकी स्वीकृति तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा दी गई थी। इसका उद्देश्य सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों को समान अवसर प्रदान कर उनका जीवनस्तर उठाना था।
ओबीसी महासभा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम समाज को जागरूक करने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।










