
KPN24:- नक्सल प्रभावित और दूरस्थ आदिवासी अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए ₹195 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। यह राशि “सड़क संपर्क परियोजना (RCPLWEA योजना)” के तहत खर्च की जाएगी।
यह परियोजना विशेष रूप से दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर, बस्तर, राजनांदगांव, बलरामपुर, कोंडागांव और जशपुर जैसे नक्सल प्रभावित और दुर्गम जिलों में ग्रामीण सड़कों, पुलों और संपर्क संरचनाओं के निर्माण के लिए है। इसके माध्यम से न केवल बेहतर यातायात की सुविधा मिलेगी, बल्कि इन क्षेत्रों में विकास की नई रोशनी भी पहुँचेगी।
इसके साथ ही भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के 26 जिलों में 569.56 किलोमीटर सड़कों और 108 पुलों के निर्माण के लिए कुल ₹375.71 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। यह परियोजनाएं विशेष रूप से पीवीटीजी (PVTG) समुदायों सहित दूरस्थ आदिवासी अंचलों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र के सहयोग से इस राशि का त्वरित एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करेगी, ताकि बस्तर सहित समस्त आदिवासी अंचलों तक विकास की पहुंच हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह कदम न केवल भौगोलिक संपर्क को सुदृढ़ करेगा, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास के नए अवसरों के द्वार भी खोलेगा। आदिवासी क्षेत्रों के लिए यह नई राह और नए अवसर का प्रतीक है।”










