
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा में जांजगीर-चांपा जिले के 866 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गौरवपूर्ण है, बल्कि राज्य स्तर पर जांजगीर-चांपा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी सफल अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के युवाओं की मेहनत, संकल्प और लगन का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
कलेक्टर श्री महोबे ने बताया कि अग्निवीर भर्ती की अगली चरण—शारीरिक दक्षता परीक्षा—के लिए जिला प्रशासन द्वारा आगामी 1 सितंबर से निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षा के लिए शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार करना है, जिससे जिले से अधिकतम युवाओं का चयन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने जिला खेल अधिकारी को निर्देशित किया है कि यह प्रशिक्षण पूरी गुणवत्ता, समर्पण और अनुशासन के साथ संचालित किया जाए। प्रशिक्षण में पूर्व सैनिकों व अनुभवी प्रशिक्षकों की मदद ली जाएगी, ताकि युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन मिल सके। जिला प्रशासन प्रशिक्षण सामग्री, संसाधन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
कलेक्टर ने पूर्व सैनिक कल्याण संघ के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों को भी बधाई दी और कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण से ही युवाओं को यह सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाएगी, बल्कि जांजगीर-चांपा की पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करेगी।










