
KPN24:- रक्षाबंधन के पावन पर्व को इस वर्ष सक्ती जिले में खास अंदाज में मनाया गया। बिहान राधा कृष्ण स्व सहायता समूह, पलाड़ी कला की महिलाओं ने पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देते हुए बीज जड़ित इको-फ्रेंडली राखियों का निर्माण किया और उन्हें उचित मूल्य पर विक्रय हेतु स्टाल में उपलब्ध कराया।
समूह की दीदियों ने कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और जिला पंचायत सीईओ वासु जैन को इन हस्तनिर्मित राखियों से राखी बांधकर उनका सम्मान किया। ये विशेष राखियाँ मखना, लौकी, धनिया, खीरा, ककड़ी, बरबट्टी, भिंडी, भुट्टा, धान सहित विभिन्न प्रकार के बीजों और प्राकृतिक रेशों से तैयार की गई हैं। राखी के उपयोग के पश्चात इसे मिट्टी में बोया जा सकता है, जिससे पौधे उगाए जा सकते हैं — यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक रचनात्मक प्रयास मानी जा रही है।
कलेक्टर श्री तोपनो ने इस अभिनव कार्य की सराहना करते हुए कहा, “यह न केवल पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता और नवाचार का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।”
वहीं, सीईओ वासु जैन ने दीदियों की पहल को प्रेरणास्पद बताते हुए अन्य स्व सहायता समूहों को भी इस प्रकार की नवाचार गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया।
समूह की यह पहल रक्षाबंधन को एक नया आयाम देती है — जिसमें प्रेम और भाईचारे के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी जुड़ता है।










