
KPN24 :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस वर्ष जन्माष्टमी का पर्व राजधानी रायपुर के बैरन बाजार स्थित आंगनबाड़ी के नन्हें-मुन्ने बालकों के साथ मुख्यमंत्री निवास में हर्षोल्लास और भक्ति भाव से मनाया। बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर अपनी अठखेलियों और मनमोहक वेशभूषा से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
पूरे मुख्यमंत्री निवास परिसर को फूलों, रंगीन रोशनियों और पारंपरिक सजावट से सजाया गया था। वातावरण भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। छोटे-छोटे बच्चों ने कृष्ण-लीला की झांकियां और प्रसंग प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी मासूमियत और भावपूर्ण अभिनय से उपस्थित हर व्यक्ति मंत्रमुग्ध हो गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों संग भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि तथा निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीला हमें धर्म, नीति और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ की जनता की मेहनत और आस्था से प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक अपने हाथों से चॉकलेट, प्रसाद और शिक्षण सामग्री का वितरण किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखते हुए नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ते हैं। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, मितुल कोठारी, सुनील पिल्ले सहित मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी-कर्मचारी और अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।










