"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

845 नव पदोन्नत प्राचार्यों के पदांकन हेतु 20 से 23 अगस्त तक रायपुर में ओपन काउंसिलिंग

KPN24:- छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राचार्य (टी-संवर्ग) के पदोन्नति आदेश जारी कर दिए हैं। इन नव पदोन्नत प्राचार्यों के पदांकन हेतु 20 से 23 अगस्त तक रायपुर स्थित शासकीय शिक्षा महाविद्यालय परिसर, शंकर नगर में ओपन काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।

काउंसिलिंग प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से होगी, जिसमें प्रतिदिन 300 अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा। इसके तहत प्रथम पाली में 150 और द्वितीय पाली में 150 प्राचार्यों की काउंसिलिंग होगी। इस प्रक्रिया में कुल 845 पदोन्नत प्राचार्य भाग लेंगे। पदोन्नत प्राचार्यों की सूची एवं रिक्त पदों की जानकारी स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है।

काउंसिलिंग में प्राथमिकता का निर्धारण वरिष्ठता और नियमावली के आधार पर किया जाएगा। व्याख्याता, व्याख्याता (एल.बी.) तथा प्रधानपाठक (पूर्व माध्यमिक शाला) के लिए 2ः1ः1 के अनुपात में सूची तैयार की गई है। भर्ती व पदोन्नति नियमों के अनुसार व्याख्याता वर्ग का हिस्सा 65 प्रतिशत (व्याख्याता 70 प्रतिशत एवं व्याख्याता एल.बी. 30 प्रतिशत) तथा प्रधानपाठक (मा.शा.) का हिस्सा 25 प्रतिशत रखा गया है।

सर्वप्रथम एक वर्ष से कम अवधि में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों को प्राथमिकता मिलेगी। इसके बाद दिव्यांग अभ्यर्थियों (महिला एवं पुरुष) को वरीयता दी जाएगी। तत्पश्चात महिला और फिर पुरुष अभ्यर्थियों को वरिष्ठता क्रम से संस्था चयन हेतु अवसर प्रदान किया जाएगा।

काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी प्राचार्यों को सेवा प्रमाण पत्र, मूल पदस्थापना संबंधी जानकारी तथा शासन द्वारा मान्य फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। दिव्यांग अभ्यर्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी लाना होगा।

काउंसिलिंग हेतु वेटिंग हॉल सेमिनार कक्ष क्रमांक 01 तथा काउंसिलिंग कक्ष क्रमांक 02 निर्धारित किए गए हैं, जिनमें केवल अभ्यर्थियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। जो प्राचार्य निर्धारित दिनांक को उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उन्हें अंतिम दिन 23 अगस्त को अवसर दिया जाएगा।

काउंसिलिंग पूर्ण होने के बाद शासन द्वारा पदस्थापना आदेश जारी किए जाएंगे तथा आदेश जारी होने के सात दिवस के भीतर नव पदस्थापित प्राचार्यों को कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More