
KPN24 :- स्टेट कैपिटल रीजन के गठन से रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव सहित पूरे अंचल को लाभ मिलेगा। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और नगरीय सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में किए गए अटल विश्वास पत्र के सभी वादों को एक-एक कर पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय सोमवार को भिलाई नगर पालिक निगम क्षेत्र में 241.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भिलाई नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में तेजी से विकास के लिए राज्य सरकार भरपूर सहयोग कर रही है। सुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है। प्रशासन को डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा रहा है, जिसका सीधा लाभ नागरिकों को मिल रहा है। अब तक 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए जा चुके हैं और अगले छह महीनों में पांच हजार पंचायतें इससे जुड़ जाएंगी। आगामी पंचायती राज दिवस (24 अप्रैल 2026) तक सभी ग्राम पंचायतों में यह सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 20 महीनों में सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया है। किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान सुनिश्चित किया गया है। महतारी वंदन योजना से 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर माह एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत सालाना 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 22 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या यात्रा कर चुके हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि सरकार गठन के बाद पिछले एक वर्ष में नगरीय निकायों के विकास के लिए सात हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अकेले भिलाई नगर निगम को 18 माह में 470 करोड़ रुपये की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में छत्तीसगढ़ ने ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। प्रदेश के सात नगरीय निकायों को पहली बार राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार मिला है, वहीं 58 छोटे शहर भी पुरस्कृत हुए हैं।
समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने पार्षद श्रीमती स्मृति दोड़के को स्वच्छता वार्ड के लिए शील्ड प्रदान की। प्रधानमंत्री आवास योजना के नौ हितग्राहियों को गृह प्रवेश प्रमाणपत्र, पीएम सूर्य घर योजना के तीन हितग्राहियों को प्रमाणपत्र दिए गए। दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर, महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों हेतु चेक और वूमेन फॉर ट्री योजना के अंतर्गत राधारानी महिला स्व-सहायता समूह को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, महापौर नीरज पाल, विधायक ललित चन्द्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।










