
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की सहभागिता से इन प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
बैठक में फाउंडेशन के सीईओ अनुराग बेहार ने जानकारी दी कि संगठन बीते 15 वर्षों से छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और शिशुगृह के क्षेत्र में सक्रिय है तथा वर्तमान में 9 जिलों में विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रहा है। फाउंडेशन की आगामी योजना के अंतर्गत अम्बिकापुर में 200 से 300 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल तथा धरमजयगढ़ में 100 बिस्तरों का अस्पताल स्थापित किया जाएगा। इन अस्पतालों में 80 प्रतिशत मरीजों को निशुल्क उपचार मिलेगा।
फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य की सरकारी विद्यालयों से दसवीं और बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाली 20 हजार बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। प्रत्येक बालिका को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना बेटियों के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण होगी।
इसके अतिरिक्त फाउंडेशन ने बताया कि वर्तमान में 6 महीने से 3 वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रदेश में 400 शिशुगृह संचालित हैं, जहां बच्चों को सुरक्षित वातावरण के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है। फाउंडेशन की योजना आगामी वर्षों में इनकी संख्या बढ़ाकर 2500 से 3000 तक करने की है।
बैठक में फाउंडेशन द्वारा धरमजयगढ़ क्षेत्र के 42 गांवों में आजीविका विकास हेतु बागवानी, कृषि और पशुपालन जैसी गतिविधियों से ग्रामीणों के आर्थिक सशक्तिकरण की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारीक सिंह, स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेसी, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, उच्च शिक्षा सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, महिला एवं बाल विकास सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के स्टेट हेड सुनील सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










