"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई : अवैध रेत उत्खनन व परिवहन पर कसा शिकंजा

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश और खनि अधिकारी अनिल कुमार साहू के मार्गदर्शन में जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। पिछले एक सप्ताह में खनिज उड़नदस्ता दल प्रभारी रेखालाल राजपूत, खनि निरीक्षक द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच की गई।

खनिज अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान हनुमानधारा (चांपा) स्थित हसदेव नदी से अवैध रेत उत्खनन करते एक जेसीबी जब्त कर थाना चांपा की सुपुर्दगी में दिया गया। वहीं, जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से रेत के अवैध परिवहन के 08 प्रकरण (07 हाईवा और 01 ट्रैक्टर) तथा चूना पत्थर के अवैध परिवहन के 07 प्रकरण (06 हाईवा और 01 ट्रैक्टर) दर्ज किए गए हैं। जब्त वाहनों को चांपा, बम्हनीडीह, मुलमुला, पुलिस लाइन और कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षित रखा गया है तथा वाहन मालिकों पर आगे की कार्रवाई जारी है।

इसके अलावा, 15 अगस्त को खनिज और राजस्व अमले की संयुक्त जांच में शिवरीनारायण के पास ग्राम भोगहापारा में अवैध रेत भंडारण का मामला पकड़ा गया। वहीं, 18 अगस्त को शिवरीनारायण स्थित महानदी बैराज क्षेत्र में मौके की जांच में अवैध उत्खनन नहीं पाया गया, क्योंकि बैराज के सभी गेट खुले होने से नदी में पर्याप्त जलभराव पाया गया।

खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More