"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों की बैठक ली

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में आगामी नवरात्रि पर्व को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव समिति, नैला-जांजगीर के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक अग्रसेन भवन के पास आयोजित होने वाले दुर्गा उत्सव की तैयारियों की समीक्षा हेतु बुलाई गई थी।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने सुरक्षा प्रबंधन की जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव स्थल पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती होगी। भीड़ नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष गश्ती दल भी नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही, यातायात और पार्किंग व्यवस्था के लिए आवश्यक बेरिकेटिंग करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने भी आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। प्रशासन ने समिति को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और जिलेवासियों से शांति, सौहार्द एवं श्रद्धा के साथ उत्सव मनाने की अपील की।

बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेद्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान सहित प्रशासनिक अधिकारी तथा समिति के सदस्य राजेश पालीवाल, विक्रम पालीवाल, संदीप शर्मा और राकेश अग्रवाल उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More