"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कलेक्टर ने जिला ग्रंथालय, शासकीय बहुदिव्यांग विद्यालय और वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण

KPN24:- जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शनिवार को जिले के जिला ग्रंथालय, शासकीय बहुदिव्यांग विद्यालय सह छात्रावास एवं वृद्धा आश्रम खोखरा का निरीक्षण किया।

सबसे पहले उन्होंने जिला ग्रंथालय पेंड्री का दौरा किया, जहाँ विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए अध्ययन व्यवस्था, पुस्तकों की उपलब्धता एवं लाइब्रेरी के समय की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए नवीनतम पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएँ और समय-समय पर आवश्यक प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित किताबें मंगाई जाएँ। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को अध्ययन हेतु उपयुक्त वातावरण उपलब्ध होना चाहिए।

इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय बहुदिव्यांग विद्यालय सह छात्रावास का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संगीत, नृत्य, पेंटिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही खेलकूद सामग्री एवं स्मार्ट क्लास का उपयोग कर बच्चों को और बेहतर शिक्षा दी जाए। विद्यालय परिसर में खाली पड़ी जगह को उपयोगी बनाने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री महोबे खोखरा स्थित वृद्धा आश्रम भी पहुँचे। उन्होंने वहाँ रह रहे वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग बच्चों से बातचीत की और उनकी सुविधाओं का जायजा लिया। आश्रम में साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में सुधार के निर्देश देते हुए उन्होंने बुजुर्गों के लिए रैम्प एवं सीढ़ियों को व्यवस्थित करने, शौचालय एवं कमरों की नियमित साफ-सफाई करने और सभी आवश्यक सेवाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आश्रम में पाई गई कमियों को एक माह के भीतर दूर किया जाए तथा संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण करें।

इस अवसर पर एसडीएम सुब्रत प्रधान, पवन कोसमा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More