"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जापान दौरा: निवेश और नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

KPN24 :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान राजधानी टोक्यो में जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JETRO) के वरिष्ठ प्रतिनिधियों श्री नाकाजो काज़ुया, श्री एंडो युजी और श्री हारा हारुनोबू से मुलाकात की। इस बैठक में निवेश एवं औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने के लिए विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में आईटी, टेक्सटाइल्स, एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने जेट्रो प्रतिनिधियों को प्रदेश की तेज़ी से प्रगति करती अर्थव्यवस्था में निवेश के नए अवसरों की तलाश करने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “छत्तीसगढ़ भारत के हृदय स्थल में स्थित एक उभरता हुआ औद्योगिक एवं निवेश गंतव्य है। राज्य सरकार पारदर्शी नीतियों, सुगम प्रक्रियाओं और मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना के माध्यम से वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रही है।”

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर आयोजित ‘Deep Space – To the Moon & Beyond’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचार की समृद्ध झलक प्रस्तुत करती है, जो छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भारत सरकार के सहयोग से विकसित हो रहे स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को नई दिशा और प्रेरणा देगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जापान दौरे से छत्तीसगढ़ को निवेश, नवाचार और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के क्षेत्र में ठोस परिणाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य न केवल औद्योगिक आत्मनिर्भरता है, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से छत्तीसगढ़ को वैश्विक पटल पर मजबूत पहचान दिलाना भी है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More