"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

धमतरी और कुरूद को मल्टीपर्पज इंडोर स्पोर्ट्स की सौगात

KPN24 :- छत्तीसगढ़ सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। धमतरी और कुरूद में आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल/मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह पहल राज्य सरकार की खेल बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने और खेल प्रतिभाओं को निखारने की प्रतिबद्धता का परिचायक है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 1 से 3 करोड़ रुपये तक की पुरस्कार राशि देने की योजना राज्य सरकार की गंभीरता को दर्शाती है। इससे खिलाड़ियों का मनोबल ऊँचा होगा और नई पीढ़ी खेलों की ओर प्रेरित होगी।

राज्य में छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत लगातार प्रयास हो रहे हैं। इसमें खेल मैदानों का उन्नयन, उच्च स्तरीय उपकरणों की उपलब्धता, खेल क्लबों को आर्थिक सहयोग और पारंपरिक खेलों के आयोजन जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

कलेक्टर धमतरी ने जानकारी दी कि धमतरी और कुरूद में बनने वाले स्पोर्ट्स हॉल पर लगभग 5-5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन कॉम्प्लेक्सों में खिलाड़ियों के लिए बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, लूडो, साँप-सीढ़ी, डार्ट बोर्ड, स्नूकर, तीरंदाजी, योग कक्ष, स्क्वॉश, बास्केटबॉल और पिकलबॉल जैसी आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सभी उपकरण और संरचनाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगी।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में न केवल खेल सुविधाएं बल्कि खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। इनमें प्लेयर रूम, वेटिंग एरिया, फर्स्ट एड रूम, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग शौचालय जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

धमतरी और कुरूद क्षेत्र के अनेक युवा खेलों में सक्रिय हैं, लेकिन अब तक पर्याप्त संसाधन और प्रशिक्षण केंद्र न होने के कारण वे अपनी प्रतिभा को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक नहीं पहुँचा पाते थे। नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलेगा और वे अपनी प्रतिभा को निखारकर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकेंगे।

धमतरी और कुरूद के ये मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आने वाले समय में खेलों के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More