"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

‘मन की बात’ हर माह देती है नई प्रेरणा, विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी करें योगदान – मुख्यमंत्री

KPN24 :- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 125वीं कड़ी का सीधा प्रसारण आज नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद उद्योग एवं व्यापार परिसर के कन्वेंशन सेंटर में हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखन देवांगन, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक इंद्र कुमार साहू तथा छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की घड़ी में देशवासियों का एक-दूसरे की सहायता के लिए आगे आना भारत की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि विपत्ति के समय दिखाई देने वाली सहयोग और एकजुटता की भावना ही भारत की संस्कृति और सामूहिक चेतना को परिभाषित करती है।

खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल केवल स्वास्थ्य का साधन ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी आधार हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि खेलकूद में सक्रिय भागीदारी कर वे अपने जीवन और देश दोनों को ऊर्जावान बना सकते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘मन की बात’ हर माह प्रदेशवासियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के सभी वर्गों में सकारात्मक सोच और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में अपने जापान और दक्षिण कोरिया प्रवास का उल्लेख करते हुए बताया कि कौशल विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्रों में हुए सहयोग और निवेश से राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध होंगे। इससे छत्तीसगढ़ में कौशल विकास और रोजगार का नया अध्याय शुरू होगा।

राज्य की रजत जयंती वर्ष का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाए। सरकार और जनता के साझा प्रयासों से राज्य नई ऊँचाइयों तक पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का संदेश हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। सामूहिक जनभागीदारी के साथ हमें आगे बढ़ते हुए छत्तीसगढ़ को विकास और सुशासन की नई ऊँचाइयों पर ले जाना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर एक समृद्ध और स्वच्छ छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More