"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

ट्रेलर चालक से लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चाकू व लूटी गई रकम बरामद

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले की साइबर सेल और थाना बलौदा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रेलर चालक से मारपीट कर लूट करने वाले एक आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त चाकू, नगदी रकम एवं मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दीपक बरेठ निवासी नाका नवलपुर, थाना उरगा (जिला कोरबा) ने 30 अगस्त को थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 बीजे 9720 से कोयला भरकर कुसमुंडा से जयराम नगर जा रहा था। उसके साथ कंपनी का एक और ट्रेलर चालक शिव प्रकाश पांडे भी था। रात करीब 3 बजे ग्राम खिसोरा के पास टायर चेक करने के लिए रुकने पर तीन अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल से पहुंचे और गाली-गलौच करते हुए दीपक बरेठ पर हमला कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों में से एक ने चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने साथी चालक शिव प्रकाश पांडे से भी ₹3000 नगद, एक मोबाइल व ड्राइविंग लाइसेंस लूटकर फरार हो गए।

मामले में थाना बलौदा ने अपराध क्रमांक 353/2025 धारा 296, 115(2), 309(6), 3(5) भा.दं.सं. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की। तकनीकी इनपुट व साइबर सेल की मदद से एक आरोपी की पहचान कलेस्वर उर्फ सोनू लास्कर (आयु 21 वर्ष), निवासी ग्राम हिडाडीह, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोटरसाइकिल से वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर लूट की गई रकम में से ₹500, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि उसके दो साथी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, प्र.आर. मनोज तिग्गा, विवेक सिंह, आर. गिरीश कश्यप, माखन साहू, शहबाज खान, प्रदीप दुबे, रोहित कहरा तथा थाना बलौदा से प्रधान आर. गजाधर पटनावर और आर. ईश्वरी राठौर की अहम भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More