
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग कर मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी होशराम सूयवंशी निवासी किरारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 29 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 8:30 बजे वह अपने मोपेड से खेत अमरताल खार से घर लौट रहा था। उसी समय बड़े नहर के पास आरोपी दिलीप कश्यप (उम्र 28 वर्ष), निवासी किरारी थाना अकलतरा ने उसे रोककर अपने घर छोड़ने की बात कही। प्रार्थी ने दिलीप को अपने वाहन में बैठाकर उसके घर के पास छोड़ा, जहां आरोपी ने उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने अश्लील गालियाँ देते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट की और उसे चोट पहुँचाई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में अकलतरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य और सबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक दाउराम बरेठ, प्रधान आरक्षक विकास मिश्रा एवं आरक्षक बसंत साहू की सराहनीय भूमिका रही।










