
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत चांपा के बेलदारपारा और शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय जर्वे में जागरूकता सत्र एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और नीतियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को वित्तीय सहायता, शत-प्रतिशत पंजीयन, ऋण एवं सक्षम योजना की जानकारी साझा की गई। साथ ही, हिंसा एवं प्रताड़ना से पीड़ित महिलाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में नवा बिहान योजना, महिला संरक्षण अधिनियम 2005 तथा कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013 पर जागरूकता दी गई। इसी क्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा बाल संरक्षण कानूनों, बाल विवाह रोकथाम तथा नाबालिग बच्चों से जुड़े अपराधों में पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत होने वाली कड़ी कानूनी कार्यवाही की जानकारी दी गई।
सत्र में बच्चों को गुड टच-बैड टच की जानकारी, बाल विवाह जैसी कुरीतियों एवं उनके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर पोषण मेला एवं वजन त्यौहार का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों का वजन व पोषण स्तर जांचकर विकास की दर का आकलन किया गया।










