
KPN24:- जांजगीर-चांपा की शिवरीनारायण पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में घेराबंदी कर डीजल चोरी करने वाले अंतर जिला चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1280 लीटर चोरी का डीजल, एक स्कॉर्पियो वाहन, ताला तोड़ने के उपकरण और अन्य सामान जब्त किया है। जब्त माल की कुल कीमत करीब ₹13,32,300 आंकी गई है। मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ गिरोह का पर्दाफाश
4 सितम्बर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम तनौद निवासी विजय कुमार साहू अपने घर पर कबाड़ सामग्री के बीच चोरी का डीजल छिपाकर रखा है। पुलिस ने दबिश देकर 630 लीटर डीजल बरामद किया। पूछताछ में पता चला कि देर रात गिरोह के अन्य सदस्य स्कॉर्पियो वाहन में डीजल लाने वाले हैं।
इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी ने टीम बनाकर घेराबंदी की योजना बनाई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रास्ता रोक रखा था। रात करीब 4:40 बजे सफेद स्कॉर्पियो मौके पर पहुंची। पुलिस को देख आरोपी वाहन मोड़कर भागने लगे और जान बचाने के लिए गाड़ी को तेज रफ्तार से दौड़ाते हुए पुलिस बल को कुचलने की कोशिश भी की। मगर पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए स्कॉर्पियो को रोक लिया।
वाहन से चार लोग भागने की कोशिश करने लगे, जिनमें से दो को मौके पर दबोच लिया गया और दो आरोपी भाग निकले। पूछताछ में आरोपियों ने पूरे गिरोह का राज खोला।
गिरफ्तार आरोपी
1. दिलेश कुमार कुर्रे पिता सुंदरिका कुर्रे, उम्र 25 वर्ष, निवासी बिरगहनी (ब) थाना बलौदा
2. अन्नू सांण्डे पिता ज्ञानदास सांण्डे, उम्र 25 वर्ष, निवासी डोंगरी, थाना बलौदा
3. विजय कुमार साहू पिता बलभद्र प्रसाद साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी तनौद, थाना शिवरीनारायण
फरार आरोपी – अर्जुन रात्रे एवं बिरेंद्र पटेल (दोनों थाना बलौदा क्षेत्र के निवासी)।
चोरी का तरीका
गिरोह पिछले दो वर्षों से जांजगीर-चांपा, सक्ती और रायगढ़ जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रकों से डीजल टंकी का ताला तोड़कर पाइप से डीजल निकालता था। चोरी का डीजल विजय कुमार साहू जैसे स्थानीय कारोबारियों को बेचा जाता था। गिरोह के पास से 18 जरीकेन डीजल, 8 मीटर प्लास्टिक पाइप, लोहे की रॉड, मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांपा के नेतृत्व में थाना शिवरीनारायण टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर गिरोह का भंडाफोड़ किया।
गिरफ्तार आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) संगठित अपराध, समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, एएसआई रामप्रसाद बघेल, आरक्षक प्रवीण साहू, टुकेश्वर डडसेना, राजेश कश्यप, कुलदीप खुंटे, रामकुमार कश्यप, पतिराम यादव, लक्ष्मीकांत लहरे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।










