
KPN24:- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य अलंकरण सम्मान समारोह अंतर्गत महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के उद्देश्य से मिनी माता (महिला उत्थान) सम्मान, वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार एवं बहादुर कलारिन सम्मान वर्ष 2025 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक आवेदक 26 सितंबर 2025 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि—
मिनी माता (महिला उत्थान) सम्मान : महिला सशक्तिकरण एवं उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अथवा संस्था को दिया जाएगा। इसके अंतर्गत ₹2 लाख की सम्मान राशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाएगी।
बहादुर कलारिन सम्मान : महिलाओं पर अत्याचार और उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष करते हुए नारी उत्थान में विशेष योगदान देने वाली महिला को यह सम्मान दिया जाएगा। इसमें भी ₹2 लाख की राशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाएगी।
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार : वीरता, शौर्य, साहस एवं महिलाओं में आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला को इस पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इसके अंतर्गत भी ₹2 लाख की राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका दी जाएगी।
सम्मान हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन पत्र का प्रारूप जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जांजगीर-चांपा (छ.ग.) के कार्यालय से कार्यालयीन समय में प्राप्त कर जमा किया जा सकता है।










