
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के 866 युवाओं ने अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा में सफलता अर्जित की है। इन चयनित अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का शुभारंभ मंगलवार को खोखरा पुलिस लाइन ग्राउंड में हुआ।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने स्वयं प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया। दोनों अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उन्हें आगे की तैयारी के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि — “यह केवल शुरुआत है, अंतिम पड़ाव तक पहुंचने के लिए कठिन परिश्रम करना होगा। अग्निवीर भर्ती न केवल रोजगार का अवसर है, बल्कि देश की सेवा करने का सुनहरा मौका भी है।” उन्होंने युवाओं से शारीरिक दक्षता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक श्री पांडेय ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि — “आज का युवा कई बार नशे जैसी प्रवृत्तियों में फंस जाता है, लेकिन आपने जो राह चुनी है, वह आत्मसम्मान और राष्ट्र सेवा की राह है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन मिलकर आपको गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।”
इस अवसर पर एडिशनल एसपी उमेश कश्यप, एसडीएम सुब्रत प्रधान, रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी और मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे।










