
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही उपसरपंच महेन्द्र बघेल की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर हत्या का राज़फाश कर दिया। इस सनसनीखेज मामले में 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं 2 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
कैसे हुआ पर्दाफाश
06 सितंबर की रात उपसरपंच महेन्द्र बघेल घर नहीं लौटे। परिजनों की तलाश नाकाम रहने पर बिर्रा थाना में गुम इंसान दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन और SDOP चांपा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई।
शक की सुई सबसे पहले ग्राम करही के सरपंच पति राजकुमार साहू पर गई। पूछताछ के दौरान राजकुमार और उसके साथियों ने हत्या की वारदात कबूल कर दी।
हत्या की साजिश और वारदात
जांच में सामने आया कि सरपंच पति राजकुमार साहू ने शासकीय निर्माण कार्य के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते उपसरपंच को 06 सितंबर की रात बुलाया। प्राथमिक शाला भवन के पास शराब पिलाने के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को राजेन्द्र साहू की अल्टो कार से ले जाकर बरेकेल पुल से महानदी में फेंक दिया गया। वहीं मृतक की पल्सर मोटरसाइकिल को करही-बुढ़ाराजा खार के पास नदी में डालकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई।
शव और वाहन की बरामदगी
पुलिस व DDRF की टीम ने कई घंटे की मशक्कत और ड्रोन की मदद से महानदी में खोजबीन की। 08 सितंबर को साराडीह बैराज (थाना डभरा क्षेत्र) के पास उपसरपंच का शव मिला। कपड़ों से उसकी शिनाख्त की गई। वहीं मोटरसाइकिल भी नदी से बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी
1. राजकुमार साहू पिता रथराम साहू (29 वर्ष)
2. राजू उर्फ शैलेश कश्यप पिता लीलाधर कश्यप (24 वर्ष)
3. राजेन्द्र कुमार साहू पिता रथराम साहू (22 वर्ष)
4. जितेन्द्र कश्यप पिता लीलाधर कश्यप (27 वर्ष)
5. दुर्गेश आदिल्य पिता तुलाराम आदिल्य (19 वर्ष)
6. कान्हा यादव पिता राम प्रसाद यादव (20 वर्ष)
7. भास्कर मांझी पिता मोहन मांझी (24 वर्ष)
साथ ही 2 नाबालिग भी वारदात में शामिल पाए गए।
कानूनी कार्रवाई
थाना बिर्रा में अपराध क्र. 111/25 धारा 103(2), 61(2)(क) BNS एवं 3(2)(v) SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस टीम का योगदान
इस सफलता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, SDOP चांपा यदुमणि सिदार, उप पुलिस अधीक्षक अजाक जितेन्द्र कुमार खुटे, थाना प्रभारी बिर्रा जयकुमार साहू, थाना प्रभारी शिवरीनारायण प्रवीण द्विवेदी, थाना प्रभारी बम्हनीडीह कृष्णपाल सिंह सहित पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










