
KPN24 :- प्रबुद्ध भारती बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा के तत्वावधान में आचार्य चाणक्य सभागार बिर्रा में 7 सितंबर को भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत जांजगीर-चांपा के उपाध्यक्ष एवं शिक्षा स्थायी समिति के अध्यक्ष गगन जयपुरिया ने अपने संबोधन में कहा कि “एक शिक्षक समाज के लिए कभी भी सेवानिवृत्त नहीं होता। शिक्षक के बिना सभ्य समाज की परिकल्पना ही नहीं की जा सकती।”
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देता बल्कि अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला दीपक है। शिष्य के भविष्य को बनाने और समाज को सही मार्ग दिखाने में शिक्षक की भूमिका सर्वोपरि होती है। समाज कभी भी गुरु का ऋण नहीं चुका सकता।
विशिष्ट अतिथि पंडित गीता प्रसाद तिवारी ने गुरु को भगवान से भी श्रेष्ठ बताया और कहा कि समाज की दिशा और दशा निर्धारण का दायित्व शिक्षक का होता है। वहीं विशिष्ट अतिथि हरिराम जायसवाल ने कहा कि शिक्षक आदर्श पुरुष होता है और उसकी सबसे अधिक आवश्यकता हर समय बनी रहती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे एफ.एल. साहू, प्रभारी प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिर्रा ने कहा कि शिक्षक अपने गुणों के कारण पूजनीय होते हैं और ऐसे सम्मान कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणा स्वरूप हैं।
शिक्षकों का हुआ सम्मान
समारोह में उपस्थित अतिथियों का स्वागत फूलमाला एवं श्रीफल से किया गया। तत्पश्चात विभिन्न शिक्षकों एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों को शाल, श्रीफल, मेमेंटो और डायरी देकर सम्मानित किया गया।
तत्कालीन प्रधान पाठक, बीईओ एवं वरिष्ठ शिक्षकों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
विशिष्ट योग्यता के लिए प्राचार्य खीकराम कश्यप, संगीत गुरु श्रवण कुमार थवाईत, नवाचार शिक्षक अरुण कुमार देवांगन तथा बुद्धेश्वर कश्यप को सम्मान मिला।
सेवानिवृत्त शिक्षकों में मनोहर लाल डड़सेना, नारायण प्रसाद साहू, खिलावन प्रसाद दुबे, बी.एल. चंद्राकर एवं सारधाराम डड़सेना को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गुरु वंदना एवं सरस्वती वंदना सहित विविध सांगीतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावपूर्ण बना दिया। संचालन मनोज तिवारी (शारदा संगीत विद्यालय, बिर्रा) ने किया और अंत में आभार मोहन कश्यप ने व्यक्त किया।
भारी जनसहभागिता
इस अवसर पर श्रवण कश्यप, निलाम्बर सिंह, रोहन कश्यप, अमृतलाल पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
पत्रकार डी.एन. देवांगन हुए सम्मानित
बिर्रा अंचल के वरिष्ठ पत्रकार टी.के. दुबे की स्मृति में हरिभूमि अखबार के पत्रकार डी.एन. देवांगन को बेस्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें मुख्य अतिथि गगन जयपुरिया, विशिष्ट अतिथि पंडित गीता प्रसाद तिवारी, हरिराम जायसवाल तथा अध्यक्ष एफ.एल. साहू के हाथों शाल, श्रीफल, पेन, डायरी और मेमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया।










