"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

उप मुख्यमंत्री ने जांजगीर-नैला एवं चांपा में 19.53 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन एवं लोकार्पण

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला और चांपा में कुल 19 करोड़ 53 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने जांजगीर-नैला नगर पालिका भवन के लिए 2.5 करोड़, विकास कार्यों के लिए 2.5 करोड़ तथा चांपा में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये की घोषणा की।

जांजगीर में उन्होंने 4.37 करोड़ रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 21 में नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन), 10.84 करोड़ की लागत से एसटीपी, तथा 1.97 करोड़ की लागत से वार्ड क्रमांक 1 और 2 में पाइपलाइन विस्तार एवं सम्पवेल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। वहीं, 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर और 20 लाख रुपये की लागत से चौपाटी का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।

नगर पालिका परिषद चांपा में श्री साव ने 1.08 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें घोघरानाला में 48.56 लाख रुपये की लागत से पानी टंकी, 29.98 लाख रुपये की लागत से नगरपालिका कर्मचारी आवास का शिलान्यास तथा 30 लाख रुपये की लागत से अटल परिसर का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान उन्होंने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक ब्यास कश्यप, खनिज विकास निगम अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, नगरपालिका परिषद जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवागढेवाल, नगरपालिका परिषद चांपा अध्यक्ष प्रदीप नामदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में लगातार विकास कार्यों को मंजूरी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी होगा। साथ ही उन्होंने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य उनके प्रयासों से अस्तित्व में आया और उनकी विकास दृष्टि को आगे बढ़ाते हुए राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, प्रति एकड़ 21 क्विंटल की खरीदी सुनिश्चित की गई है। वहीं महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रदेश की माताओं एवं बहनों को प्रतिमाह 1000 रुपये की राशि सीधे उनके खातों में पहुंचाई जा रही है।

सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक श्री ब्यास कश्यप और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी अपने संबोधन में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए जिले में हुए विकास कार्यों को जनकल्याणकारी बताते हुए उपस्थित जनसमूह को शुभकामनाएं दीं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More