"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

“कार्टून समाज का दर्पण, जागरूकता का सशक्त माध्यम : CM साय”

KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कार्टून केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज का दर्पण है, जो हास्य और व्यंग्य के जरिए गंभीर मुद्दों को सहजता से प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि कार्टून समाज को जागरूक करने और सोचने के लिए प्रेरित करने वाली प्रभावशाली कला है।

मुख्यमंत्री श्री साय आज रायपुर के एक निजी होटल में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2025 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने जम्मू-कश्मीर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट मनोज चोपड़ा को कार्टून वॉच का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया। उन्होंने कार्टूनिस्टों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं भी कार्टून बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्टून वॉच पत्रिका ने 29 वर्षों का सफल सफर तय कर लिया है और अब अपने 30वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। यह गर्व का विषय है। उन्होंने पत्रिका की पूरी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में यह कला और अधिक प्रभावशाली बने।

श्री साय ने कहा कि यदि अगले वर्ष कार्टून फेस्टिवल बस्तर में आयोजित हो तो यह खुशी की बात होगी। उन्होंने बताया कि बस्तर में अब शांति स्थापित हो रही है और जल्द ही यह क्षेत्र पूर्णतः नक्सलमुक्त होगा। नियद नेल्ला नार योजना (आपका अच्छा गाँव) के माध्यम से 300 से अधिक गाँवों में सड़क, बिजली, पानी और राशन कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाएँ पहुँचा दी गई हैं। जहाँ पहले बंदूक की आवाज गूंजती थी, वहाँ अब स्कूल की घंटियाँ सुनाई देती हैं।

उन्होंने बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम बस्तर की सांस्कृतिक पहचान और मुख्यधारा से जुड़ाव के प्रतीक हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि बस्तर में अब बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। राज्य में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा सेंटर और टेक्सटाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश हो रहा है। हाल ही में जापान और कोरिया की यात्रा के दौरान कई उद्योगों के साथ एमओयू भी किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि कार्टून वॉच की टीम यदि सरकार की योजनाओं को कार्टून के माध्यम से आमजन तक पहुँचाए, तो यह और प्रभावशाली होगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कार्टून की विधा मीडिया और साहित्य का अद्भुत संगम है, जो गागर में सागर भरने की क्षमता रखती है। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि कार्टून वॉच देश की एकमात्र कार्टून पत्रिका है और इसके संपादक त्रयम्बक शर्मा का 30 वर्षों का सफर कलाकारों के लिए प्रेरणादायी है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी, कार्टून वॉच के संपादक त्रयम्बक शर्मा सहित अनेक कार्टूनिस्ट, साहित्यकार और कला-जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More