
KPN24:-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के किसानों के लिए किसान कॉल सेंटर और क्यूआर कोड आधारित जी कॉम इंडिया प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया। इन पहलों से किसान सीधे खरीदारों को अपनी फसल बेच सकेंगे और बिचौलियों से छुटकारा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में उद्यानिकी और नकदी फसलों का उत्पादन पर्याप्त मात्रा में होता है, लेकिन बाजार की कमी से किसान सही दाम नहीं पा पाते थे। अब यह व्यवस्था किसानों को पूरे देश के खरीदारों से जोड़ेगी। कॉल सेंटर (नंबर 08069378107) के माध्यम से किसानों को विशेषज्ञों से त्वरित सलाह और योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन मुंडा, उपाध्यक्ष गोमती साय, विधायक रायमुनी भगत और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 35 किसानों के शैक्षणिक भ्रमण दल को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन पहलों से जिले के किसानों की आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन की उम्मीद जताई जा रही है।










