
मनीष विद्यार्थी, खरगोन।
KPN24:- नवरात्र पर्व के आगमन के साथ ही माता भक्तों में उत्साह चरम पर है। शहर की सार्वजनिक गरबा उत्सव समितियां तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं। ज्योति नगर नवदुर्गा उत्सव समिति का आयोजन हर साल अपनी भव्यता के लिए प्रसिद्ध रहा है और इस बार भी इसकी तैयारियां पूरे जोश के साथ चल रही हैं।
समिति प्रचार प्रमुख दिलीप सोनी ने बताया कि रविवार देर शाम आयोजित बैठक में 22 सितंबर से शुरू हो रहे नवरात्र उत्सव की रूपरेखा तय की गई। इसमें माता की अलौकिक झांकी, गरबा और डांडिया रास सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर निर्णय लिया गया।
समिति अध्यक्ष इंजी. नीतिन मालवीय ने कहा कि ज्योति नगर नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहता है। यहां कॉलोनी की गरबा टीम के साथ ही आमंत्रित लोकनृत्य दल और डांस एकेडमी के कलाकार पारंपरिक संगीत पर प्रस्तुति देंगे।
संरक्षक एल.एन. मालवीय ने बताया कि नवरात्र आत्मा को प्रसन्न करने वाला जीवंत और ऊर्जावान उत्सव है। ज्योति नगर का यह आयोजन न केवल कॉलोनीवासियों बल्कि पूरे शहर और आसपास के ग्रामवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है। माता के दरबार में झिलमिलाती लाइट्स और भजनों की मधुर धुन वातावरण को और अधिक दिव्य बना देंगी।
बैठक में राजेश पाल, राघवेंद्र आचार्य, मनीष गडकरी, प्रकाश चौरे, पुष्पेंद्र राठौर, सचिन मालवीय, हरीश पाल, राजेश परमार्थी, रवि सोनी, प्रमोद जोशी, महेंद्र जायसवाल, मनीष शर्मा, प्रदीप पटेल, दीपांशु पाल, मोहित, मुकेश आर्य सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।










