
KPN24:- जांजगीर चाम्पा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करही में जहरीली शराब पीने से दो युवकों की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों ने बिर्रा बस स्टैंड चौक पर चक्का जाम कर दिया। मृतकों के परिजनों ने शराब बेचने वाले आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। चक्का जाम करीब तीन घंटे तक चला, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार 15 सितंबर को सुबह लगभग 10 बजे ग्राम करही के सूरज यादव (30 वर्ष) और मनोज कश्यप (38 वर्ष) ने जहरीली शराब का सेवन किया, जिसके बाद वे अचेत हो गए। उन्हें पहले परसदा के निजी अस्पताल और फिर सारंगढ़ रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सारंगढ़ में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मंगलवार को मृतकों के परिजन और ग्रामीण सुबह 8 बजे से ही बिर्रा बस स्टैंड चौक पर धरने पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। चांपा एसडीओपी यदुमणि सिदार के समझाइश और आश्वासन के बाद 11 बजे चक्का जाम समाप्त हुआ।
जाम के कारण डभरा, चंद्रपुर, रायगढ़, शिवरीनारायण, बिलासपुर, चांपा और कोरबा की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों को तीन घंटे तक भारी परेशानी उठानी पड़ी।
ग्रामीणों का आरोप है कि करही गांव और आसपास में अवैध शराब का धंधा खुलेआम चल रहा है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती। परिजनों ने कहा कि मृतक युवकों ने इन्हीं विक्रेताओं से शराब खरीदी थी। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा। बिर्रा पुलिस ने कहा कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।










