
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना शिवरीनारायण पुलिस ने जमीन विवाद को लेकर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए औरेठी, सिमगा (रायपुर) से गिरफ्तार किया है। आरोपी सूरज तिवारी (42 वर्ष) निवासी तेंदुवा, थाना शिवरीनारायण है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी के विरुद्ध धारा 109(1), 115(2), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मामले का विवरण
दिनांक 16 जुलाई 2025 को प्रार्थी प्रतीक शुक्ला ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, शिवरीनारायण निवासी हर्षवर्धन तिवारी ने राजेंद्र कुमार शर्मा से लगभग 13.55 एकड़ जमीन 1 करोड़ 60 लाख रुपए में खरीदी थी। इकरारनामा होने के बाद 61 लाख रुपए का भुगतान चेक से किया गया था जबकि शेष 99 लाख रुपए बाकी थे।
12 जून 2025 से हर्षवर्धन तिवारी इकरारनामा के अनुसार जमीन पर काबिज होने का अधिकारी था। इसी दौरान जमीन पर जोताई कराने को लेकर विवाद हुआ। 15 जुलाई की सुबह जब हर्षवर्धन तिवारी मजदूरों के साथ खेत में काम कराने पहुंचे, तो आरोपी ने ट्रैक्टर रुकवाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर डायल 112 मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला।
इसी दिन शाम को जब हर्षवर्धन तिवारी व अन्य लोग खेत से लौट रहे थे, तब आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। आरोपी ने तलवार और कुल्हाड़ी से हर्षवर्धन तिवारी को जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। हमले में तिवारी के दाहिने हाथ पर गंभीर चोट आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप व एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवरीनारायण निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सउनि नरेंद्र शुक्ला, प्रआर विजय निराजा, आरक्षक टुकेश्वर डनसेना एवं बलराम यादव की सराहनीय भूमिका रही।










